पीठ की समस्या के कारण पिछला मैच नहीं खेल पाए थे कप्तान
हार्दिक पांड्या आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए बड़ी राहत बनकर लौटे हैं। पीठ में खिंचाव के कारण पिछला मुकाबला नहीं खेलने वाले कप्तान हार्दिक, अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ अहम मैच से पहले टीम से जुड़ गए हैं।
फ्रेंचाइजी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हार्दिक की वापसी की पुष्टि की। प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए संघर्ष कर रही मुंबई इंडियंस के लिए यह खबर काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सूर्याकुमार यादव ने संभाली थी कप्तानी
लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ पिछले मुकाबले में हार्दिक की गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव ने टीम की कप्तानी की थी।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रयान रिकेल्टन ने बताया था कि हार्दिक की पीठ में ऐंठन थी, लेकिन चोट कितनी गंभीर है, इसकी स्पष्ट जानकारी टीम के पास नहीं थी।
रायपुर में करेंगे अभ्यास
शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मुंबई इंडियंस का अभ्यास सत्र निर्धारित है और उम्मीद की जा रही है कि हार्दिक टीम के साथ नेट्स में अभ्यास करेंगे।
प्लेऑफ की उम्मीदें बचाने उतरेगी मुंबई
मुंबई इंडियंस फिलहाल 10 मैचों में 3 जीत और 7 हार के साथ अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। टीम को प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए अपने सभी बचे मुकाबले जीतने होंगे।
वहीं दूसरी ओर आरसीबी हाल ही में लखनऊ से हारने के बाद अंक तालिका में तीसरे स्थान पर खिसक गई है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है।
