BCCI IPL 2026 Advisory : मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने खिलाड़ियों की सुरक्षा और टूर्नामेंट की पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है। नई एडवाइजरी के तहत अब किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को टीम होटल के खिलाड़ियों के कमरे में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
अनाधिकृत एंट्री और नियम उल्लंघन पर सख्ती
BCCI के अनुसार कुछ टीमों के साथ यात्रा करने वाले, होटल और टीम बसों तक पहुंच बनाने वाले और यहां तक कि खिलाड़ियों के कमरों में जाने वाले अनधिकृत लोगों की शिकायतें सामने आई थीं। इसे एंटी करप्शन प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना गया है, जिसके बाद यह सख्त नियम लागू किए गए हैं।
मेहमानों के लिए भी तय हुए नए नियम
नई गाइडलाइन के मुताबिक अब किसी भी रिश्तेदार या मेहमान को खिलाड़ी के कमरे में जाने के लिए टीम मैनेजर की पूर्व अनुमति और आधिकारिक पास अनिवार्य होगा। बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति को होटल रूम में प्रवेश नहीं मिलेगा। हालांकि, मेहमान लॉबी या सार्वजनिक स्थानों पर खिलाड़ियों से मिल सकेंगे।
सुरक्षा और हनीट्रैप जैसे खतरों पर नजर
BCCI ने यह कदम खिलाड़ियों की सुरक्षा और संभावित जोखिमों जैसे हनीट्रैप और अनधिकृत संपर्कों को रोकने के लिए उठाया है। IPL जैसे बड़े टूर्नामेंट में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू खिलाड़ियों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
प्लेऑफ और फाइनल के वेन्यू में भी बदलाव
इसी बीच IPL 2026 के प्लेऑफ और फाइनल मुकाबलों के वेन्यू में भी बदलाव किया गया है। फाइनल अब अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि कुछ प्लेऑफ मैच न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला में आयोजित किए जाएंगे। टिकट आवंटन और नियमों को लेकर उठे विवाद के बाद यह फैसला लिया गया है।
IPL संचालन में पारदर्शिता पर जोर
BCCI ने साफ किया है कि इन सभी फैसलों का मकसद IPL को और अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाना है। बोर्ड ने सभी फ्रेंचाइजी को इन नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
