स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सौंपा आयुष्मान कार्ड
श्याम बिहारी जायसवाल ने शुक्रवार को सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत मझौली में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया।
खड़गवां विकासखंड के ग्राम मझौली में आयोजित शिविर के दौरान ग्राम निवासी सविता को मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाकर स्वास्थ्य मंत्री के हाथों प्रदान किया गया। आयुष्मान कार्ड मिलने पर सविता ने खुशी जताते हुए राज्य शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि “सुशासन तिहार 2026” ग्रामीणों के लिए बेहद लाभकारी पहल साबित हो रही है, क्योंकि अब छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। सविता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य शासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि गांव में ही तत्काल समाधान मिलने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का लक्ष्य
स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों और समस्याओं का संवेदनशीलता, गंभीरता और प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन को सक्रिय और जवाबदेह तरीके से कार्य करना होगा।
बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा शिविर के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
