Apple : नई दिल्ली। टेक दिग्गज Apple ने भारत में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए बड़ा निवेश घोषित किया है। कंपनी ने करीब 100 करोड़ रुपये के शुरुआती निवेश की घोषणा करते हुए देश में रिन्यूएबल एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की योजना बनाई है। इस पहल से भारत में ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट्स को नई गति मिलने की उम्मीद है, जिससे लाखों घरों को स्वच्छ बिजली उपलब्ध कराई जा सकेगी।
1.5 लाख घरों तक पहुंचेगी हरित ऊर्जा
यह निवेश CleanMax के साथ साझेदारी में किया जा रहा है। योजना के तहत 150 मेगावाट से अधिक नई रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता विकसित की जाएगी, जिससे करीब 1.5 लाख घरों को हर साल स्वच्छ बिजली मिल सकेगी। कंपनी पहले से ही भारत में अपने दफ्तरों और रिटेल नेटवर्क को 100% रिन्यूएबल एनर्जी से चलाने की दिशा में काम कर रही है।
6 भारतीय स्टार्टअप्स को मिलेगा समर्थन
Apple ने सामाजिक और पर्यावरणीय बदलाव पर काम करने वाले छह भारतीय स्टार्टअप्स को भी समर्थन देने का फैसला किया है। यह मदद Acumen के सहयोग से दी जाएगी। इन स्टार्टअप्स का फोकस कचरा प्रबंधन, सर्कुलर इकोनॉमी और टिकाऊ आजीविका जैसे क्षेत्रों पर है। इसके तहत उन्हें फंडिंग के साथ-साथ मेंटरशिप भी दी जाएगी।
कार्बन न्यूट्रल बनने का लक्ष्य
Apple ने पहले ही 2030 तक पूरी सप्लाई चेन और प्रोडक्ट लाइफसाइकिल को कार्बन न्यूट्रल बनाने का लक्ष्य तय किया है। भारत में फॉक्सकॉन और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे मैन्युफैक्चरिंग पार्टनर्स के साथ मिलकर कंपनी इस दिशा में तेजी से काम कर रही है। साथ ही प्लास्टिक वेस्ट रीसाइक्लिंग और ग्रीन इनिशिएटिव्स को भी विस्तार दिया जा रहा है।
भारतीय स्टार्टअप्स को मिल रहा बढ़ावा
Apple पहले से ही भारत में कई इनोवेटिव स्टार्टअप्स को सपोर्ट कर रही है, जिनमें कृषि स्टोरेज, इलेक्ट्रिक ट्रांसपोर्ट और महिला ईवी ड्राइवर नेटवर्क जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं। इन प्रयासों से न सिर्फ रोजगार बढ़ रहा है, बल्कि पर्यावरण अनुकूल तकनीक को भी बढ़ावा मिल रहा है।
