Vijay Thalapathy Net Worth : चेन्नई। साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और अब राजनीति में सक्रिय जोसेफ विजय (थलापति विजय) की संपत्ति को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। हाल ही में दाखिल किए गए चुनावी हलफनामे के अनुसार, विजय की कुल संपत्ति ₹624 करोड़ से ज्यादा है। उनकी नई पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की चुनावी बढ़त के बीच उनकी आर्थिक स्थिति भी सुर्खियों में है।
चल और अचल संपत्ति का ब्योरा
विजय के हलफनामे के मुताबिक, उनके पास ₹404 करोड़ की चल संपत्ति और ₹220 करोड़ की अचल संपत्ति है। बैंक बैलेंस में उनका सबसे बड़ा हिस्सा इंडियन ओवरसीज बैंक में ₹213 करोड़ का है। इसके अलावा एक्सिस बैंक (₹40 करोड़) और HDFC बैंक (₹20 करोड़) में भी उनकी बड़ी फिक्स्ड डिपॉजिट है।
आलीशान प्रॉपर्टीज
विजय के पास चेन्नई के नीलंकरई, माइलापुर और एग्मोर जैसे पॉश इलाकों में 10 से ज्यादा आवासीय संपत्तियां हैं, जिनकी कुल कीमत ₹115 करोड़ से ज्यादा बताई जा रही है। इसके अलावा कोडईकनाल में उनकी कृषि भूमि भी है।
लग्जरी कारों का शौक
विजय के गैराज में दुनिया की दमदार गाड़ियां मौजूद हैं:
- टोयोटा लेक्सस 350: ₹3.01 करोड़
- BMW i7: ₹2.00 करोड़
- टोयोटा वेलफायर: ₹1.63 करोड़
सादगी का परिचय देते हुए उनके पास एक साधारण मारुति स्विफ्ट और टीवीएस XL सुपर मोपेड भी है।
आय के स्रोत और वित्तीय स्थिति
विजय पर कोई कर्ज नहीं है। वित्त वर्ष 2024-25 में उन्होंने ₹184.53 करोड़ की आय घोषित की है। उनकी कमाई का मुख्य स्रोत फिल्मों से मिलने वाली फीस, संपत्तियों से किराया और निवेश पर ब्याज है। उनकी पत्नी संगीता के पास भी ₹15.7 करोड़ की संपत्ति है, जिसमें ज्वेलरी और अन्य निवेश शामिल हैं।
राजनीति में विजय का सफर
सिनेमा के पर्दे पर रिकॉर्ड तोड़ने वाले विजय अब राजनीति की पिच पर अपनी धाक जमाने में जुटे हैं। उनकी पार्टी TVK ने हाल के चुनावी रुझानों में डीएमके और एआईएडीएमके जैसी दिग्गज पार्टियों को कड़ी टक्कर दी है। चेन्नई के नीलंकरई विला से लेकर पूरे तमिलनाडु तक, विजय का प्रभाव साफ नजर आ रहा है।
