US Texas Plane Crash : अमेरिका के टेक्सास प्रांत में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक विमान हादसा हो गया। टेक्सास की राजधानी ऑस्टिन से लगभग 40 मील दक्षिण-पश्चिम में स्थित विम्बरले इलाके में सेसना 421C मॉडल का एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेस काउंटी के अधिकारियों के अनुसार, विमान में सवार सभी 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
रात 11:25 बजे हुआ क्रैश
संघीय विमानन प्रशासन (FAA) के मुताबिक, विमान रात करीब 11:25 बजे अचानक अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। हेस काउंटी के जज रूबेन बेसेरा ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि बचाव दल को रात 11:05 बजे ही विमान के लापता होने या गिरने की सूचना मिल गई थी। इसके बाद तुरंत राहत अभियान शुरू किया गया।
तेज गति में था विमान
जज बेसेरा के अनुसार, हादसे के समय विमान बहुत तेज गति में उड़ान भर रहा था। शुरुआती जांच में हादसे के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। विमान में सवार पांचों मृतकों की पहचान अभी तक नहीं की गई है।
FAA और NTSB ने शुरू की जांच
इस गंभीर हादसे की जांच के लिए अमेरिका की दो प्रमुख एजेंसियां — संघीय विमानन प्रशासन (FAA) और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) — सक्रिय हो गई हैं। दोनों एजेंसियां मलबे और विमान के तकनीकी डेटा की बारीकी से जांच करेंगी। घटनास्थल पर सबूतों को सुरक्षित रख लिया गया है।
दूसरा विमान सुरक्षित लैंड
हादसे के समय क्षेत्र में एक और विमान भी उड़ान भर रहा था। राहत की बात यह रही कि वह विमान सुरक्षित रूप से सैन एंटोनियो के पास लैंड करने में सफल रहा।
