Tumbbad 2 : मुंबई। लोकप्रिय हॉरर फिल्म ‘तुम्बाड’ के सीक्वल की बेसब्री से इंतजार कर रहे फैंस के लिए अच्छी खबर आई है। फिल्म ‘तुम्बाड 2’ आखिरकार 3 दिसंबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। मेकर्स ने इसकी आधिकारिक घोषणा के साथ एक रहस्यमयी और बेहद डरावना पोस्टर भी जारी कर दिया है, जो फिल्म की भयावह दुनिया का संकेत दे रहा है।
पोस्टर में छिपा भय और लालच का संदेश
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “एक पाप से भरा अतीत, एक डरावना भविष्य… भूख फिर बढ़ रही है और लालच की विरासत जारी है।” पोस्टर में इस्तेमाल किए गए विजुअल्स और कैप्शन ने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। फिल्म में अतीत के अनसुलझे रहस्यों को और भी भयावह रूप में दिखाया जाएगा।
सोहम शाह ने बताई फिल्म की खासियत
फिल्म के निर्माता और मुख्य अभिनेता सोहम शाह ने कहा कि ‘तुम्बाड 2’ उनके दिल के बहुत करीब है। उन्होंने बताया कि इस बार कहानी को पहले से ज्यादा गहराई दी जाएगी और दर्शकों को उस अंधेरी दुनिया के नए रहस्यों से रूबरू कराया जाएगा, जिसे उन्होंने पहली फिल्म में पसंद किया था।

निर्देशक आदेश प्रसाद का बयान
फिल्म के निर्देशक आदेश प्रसाद ने कहा कि पहली फिल्म की सफलता के बाद सीक्वल बनाना बड़ी चुनौती थी। हमने मूल फिल्म की आत्मा को बरकरार रखते हुए कहानी और विजुअल्स को और भव्य बनाने की कोशिश की है।
सलमान खान, संजय दत्त नहीं, बल्कि ‘तुम्बाड’ का अपना ब्रांड
‘तुम्बाड’ को साल 2018 में रिलीज होने के बाद कल्ट स्टेटस मिला था। 2024 में फिल्म को दोबारा थिएटर्स में रिलीज किया गया, जहां नई पीढ़ी के दर्शकों ने भी इसे खूब पसंद किया। ‘तुम्बाड 2’ का निर्माण सोहम शाह फिल्म्स के बैनर तले हो रहा है। पेन स्टूडियोज भी प्रोजेक्ट से जुड़ा हुआ है, जबकि वितरण पेन मारुधर द्वारा किया जाएगा।
फिल्म के पोस्टर और रिलीज डेट के ऐलान के साथ फैंस में जबरदस्त उत्साह है। अब सभी की निगाहें 3 दिसंबर 2027 पर टिकी हुई हैं, जब ‘तुम्बाड 2’ थिएटर्स में दस्तक देगी।
