रायपुर: संसद में महिला आरक्षण विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) पास न होने पर भाजपा विपक्षी दलों पर हमलावर हो गई है। सोमवार को राजधानी रायपुर में आयोजित BJP के ‘जन आक्रोश महिला सम्मेलन’ के समापन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करने की घोषणा की।
CM साय का तीखा हमला
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार महिलाओं के हित में फैसले ले रहे हैं, लेकिन कांग्रेस और विपक्ष ने महिला आरक्षण विधेयक को पास नहीं होने दिया। इससे छत्तीसगढ़ की माताओं-बहनों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण पर विपक्ष ने सहयोग नहीं किया, इसलिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया जाएगा।
हजारों महिलाओं ने निकाली रैली
जन आक्रोश महिला सम्मेलन में प्रदेशभर से हजारों महिलाएं शामिल हुईं। सुभाष स्टेडियम से शुरू हुई जन आक्रोश रैली में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, अन्य मंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंहदेव भी मौजूद रहे। रैली के दौरान महिलाओं ने विपक्ष के रवैये के खिलाफ नारेबाजी की।
सीएम साय ने कहा कि देश की जनता का विश्वास NDA और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये पार्टियां महिलाओं के सशक्तिकरण के बजाय अपनी स्वार्थपूर्ण राजनीति को प्राथमिकता दे रही हैं।
