IPL 2026 Shubman Gill : अहमदाबाद। गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल इंजरी के कारण राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच नहीं खेल सके। उनकी जगह राशिद खान ने टीम की कप्तानी की। अब सवाल यह है कि गिल कितने मैचों से बाहर हैं और कब तक मैदान पर लौटेंगे। गुजरात टाइटंस की ओर से इस मामले में बड़ा अपडेट आया है।
पार्थिव पटेल ने जताई जल्द वापसी की उम्मीद
गुजरात टाइटंस के असिस्टेंट कोच पार्थिव पटेल ने बताया कि शुभमन गिल को पिछले दो दिनों से मसल स्पाज्म की शिकायत है। उन्होंने कहा, “हम उम्मीद कर रहे हैं कि वो अगले मुकाबले में खेलने के लिए तैयार होंगे। ज्यादा सीरियस कुछ भी नहीं लग रहा।” हालांकि उन्होंने यह भी माना कि इंजरी की सही स्थिति का फैसला डॉक्टर करेंगे।
गुजरात टाइटंस को अगला मैच 8 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलना है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि गिल उस मैच तक फिट हो पाएंगे या नहीं।
राशिद खान ने दी थी जानकारी
टॉस के समय राशिद खान ने बताया था कि गिल को मसल में ऐंठन है, इसलिए वो मैच नहीं खेल रहे। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि गिल जल्दी टीम में वापस लौटेंगे।
गिल की इंजरी का इतिहास
पिछले 18 महीनों में यह चौथी बार है जब शुभमन गिल इंजरी से जूझ रहे हैं। अक्टूबर 2024 में नेक स्टिफनेस के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर हुए थे। नवंबर 2024 में बाएं हाथ के अंगूठे में चोट लगने से बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट से बाहर रहे। नवंबर 2025 में नेक इंजरी के चलते साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर हुए। अब मसल स्पाज्म की वजह से IPL में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच मिस करना पड़ा।
गुजरात टाइटंस गिल की जल्द वापसी की उम्मीद कर रही है, लेकिन अभी उनकी फिटनेस को लेकर कोई पक्का अपडेट नहीं आया है। फैंस अब देखना चाहेंगे कि गिल कब तक टीम में वापस लौटते हैं और अपनी फॉर्म जारी रख पाते हैं।
