DC vs MI IPL 2026 : नई दिल्ली। आईपीएल 2026 के 8वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को एकतरफा अंदाज में हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में समीर रिज्वी की तूफानी पारी ने मुंबई की पूरी रणनीति ध्वस्त कर दी। दिल्ली ने मुंबई को 6 विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की, जबकि मुंबई को सीजन की पहली हार का सामना करना पड़ा।
मुंबई ने बनाया 162 रनों का लक्ष्य
मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 162 रन बनाए। टीम की शुरुआत खराब रही, जब मुकेश कुमार ने एक ओवर में रायन रिकल्टन और तिलक वर्मा को आउट कर दिया। रोहित शर्मा ने 26 गेंदों पर 35 रन बनाए, लेकिन अक्षर पटेल की गेंद पर आउट हो गए। सूर्यकुमार यादव ने 51 रनों की उपयोगी पारी खेली, जबकि नमन धीर ने 28 रन जोड़े। दिल्ली की गेंदबाजी में मुकेश कुमार ने 2 विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल, लुंगी एनगिडी, विप्रज निगम और टी नटराजन को 1-1 विकेट मिला।
समीर रिज्वी की धमाकेदार पारी ने पलटा मैच
162 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत भी झटकों भरी रही। केएल राहुल सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि नितीश राणा रन आउट का शिकार बने। पाथुम निसांका ने 44 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को संभाला, लेकिन 73 के स्कोर पर तीसरा विकेट गिरने के बाद दबाव बढ़ गया। इसी समय समीर रिज्वी ने पारी को संभाला और तूफानी अंदाज में रन बनाने शुरू कर दिए।
समीर रिज्वी ने 51 गेंदों का सामना करते हुए 176.47 की स्ट्राइक रेट से 90 रन ठोके। उनकी पारी में 7 चौके और 7 छक्के शामिल रहे, यानी उन्होंने 70 रन सिर्फ 14 शॉट्स से बटोरे। यही 14 शॉट्स मुंबई की हार का सबसे बड़ा कारण बने। समीर रिज्वी की इस यादगार पारी के दम पर दिल्ली ने लक्ष्य को 18.1 ओवर में हासिल कर लिया।
