Jewar International Airport : नोएडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नोएडा के जेवर में बने अत्याधुनिक नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) का भव्य उद्घाटन कर दिया। उद्घाटन के बाद पीएम मोदी ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए एयरपोर्ट की खासियतों को बताया और विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संकट के समय देश को नुकसान पहुंचाने वाली बातें करने से बचना चाहिए।
Noida International Airport : एयरपोर्ट की प्रमुख खासियतें
जेवर एयरपोर्ट यमुना एक्सप्रेसवे के पास स्थित है और दिल्ली-NCR क्षेत्र को नई उड़ान देने वाला है। इसका रनवे 3,900 मीटर लंबा है, जो वाइड बॉडी एयरक्राफ्ट को आसानी से संभाल सकता है। एयरपोर्ट में एडवांस नेविगेशन सिस्टम, इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) और आधुनिक एयरफील्ड लाइटिंग की सुविधा है। पहले चरण में इसकी यात्री क्षमता 12 मिलियन (MPPA) है, जो पूरी तरह विकसित होने पर 70 मिलियन तक बढ़ाई जा सकेगी। कार्गो टर्मिनल सालाना 2.5 लाख मीट्रिक टन माल संभालने में सक्षम है, जिसे बाद में 18 लाख मीट्रिक टन तक बढ़ाया जा सकता है।
यह एयरपोर्ट दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पूरक बनेगा और दोनों मिलकर एक इंटीग्रेटेड एविएशन सिस्टम के रूप में काम करेंगे। इससे दिल्ली-NCR में भीड़ कम होगी और यात्री क्षमता बढ़ेगी।
उत्तर प्रदेश अब 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाला राज्य
जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही उत्तर प्रदेश अब देश का ऐसा राज्य बन गया है जहां 5 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हैं। इनमें लखनऊ का चौधरी चरण सिंह, वाराणसी का लाल बहादुर शास्त्री, कुशीनगर, अयोध्या का महर्षि वाल्मीकि और अब जेवर एयरपोर्ट शामिल हैं। इससे केरल (4 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट) को पीछे छोड़ दिया गया है।
सीएम योगी का स्वागत और टिप्पणी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि “नए भारत के नए उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा आज एक और स्वर्णिम शिखर को छू रही है।” सीएम योगी ने कहा कि दुनिया में तेल का संकट है और पड़ोसी देश परेशान हैं, लेकिन पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत में सब ठीक है। उन्होंने किसानों का विशेष आभार जताया जिनकी भूमि पर यह परियोजना बनी है।
पीएम मोदी का भावुक बयान
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मैंने तो सिर्फ बटन दबाया है, इस एयरपोर्ट का उद्घाटन आपने किया है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपना मोबाइल निकालकर फ्लैश लाइट जलाएं और इसे अपना भविष्य मानें।
जेवर एयरपोर्ट पीपीपी मॉडल पर लगभग 11,200 करोड़ रुपये के निवेश से बनाया गया है। इसकी नींव नवंबर 2021 में रखी गई थी और निर्माण जून 2022 से शुरू हुआ था। एयरपोर्ट के चालू होने से उत्तर प्रदेश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को तेज गति मिलेगी।
