IPL 2026 : नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के आगाज को लेकर एक बड़ा और भावुक फैसला लिया है। पिछले साल बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की पहली आईपीएल खिताबी जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। इस दुखद घटना की याद में BCCI ने IPL 2026 की ओपनिंग सेरेमनी पूरी तरह रद्द कर दी है।
IPL 2026 : 28 मार्च को सादगी से शुरू होगा टूर्नामेंट
IPL 2026 का पहला मुकाबला 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। इस मैच से पहले कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम, लेजर शो या भव्य उद्घाटन समारोह नहीं होगा। मैच सीधे खेला जाएगा। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि 4 जून 2025 को हुई इस त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में यह फैसला लिया गया है।
IPL 2026 : 31 मई को होगी भव्य क्लोजिंग सेरेमनी
टूर्नामेंट की शुरुआत हालांकि सादगी से होगी, लेकिन फाइनल मैच के दिन 31 मई को भव्य समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। पिछले साल ईडन गार्डन्स में शाहरुख खान, श्रेया घोषाल और करण औजला जैसी हस्तियों ने प्रस्तुति दी थी। इस बार भी फाइनल के दिन बड़े सितारों के साथ आकर्षक समापन कार्यक्रम की तैयारी चल रही है।
IPL 2026 : इससे पहले भी दिखाई थी संवेदनशीलता
BCCI ने इससे पहले भी संवेदनशील परिस्थितियों में ओपनिंग सेरेमनी रद्द करने का फैसला लिया है। साल 2019 में पुलवामा आतंकी हमले के बाद IPL की ओपनिंग सेरेमनी रद्द कर दी गई थी और उस पर होने वाले खर्च को शहीद सीआरपीएफ जवानों के परिवारों को सहायता के रूप में दे दिया गया था।
IPL 2026 : RCB और SRH के बीच रोमांचक शुरुआत की उम्मीद
पहले मैच में खिताब विजेता RCB अपने घरेलू मैदान पर मजबूत मुकाबले की तैयारी कर रही है। पिछले सीजन की जीत के बाद टीम का आत्मविश्वास ऊंचा है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद उलटफेर करने और मजबूत चुनौती पेश करने के इरादे से उतरेगी। BCCI जल्द ही IPL 2026 के पूरे शेड्यूल की घोषणा करने वाली है।
