रायपुर। चंदखुरी स्थित राज्य पुलिस अकादमी में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नव-नियुक्त युवा पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और प्रशिक्षण पूर्ण करने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल परिधान नहीं, बल्कि विश्वास, कर्तव्य और त्याग का प्रतीक है। इसे धारण करने वाले प्रत्येक अधिकारी पर समाज की सुरक्षा और न्याय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि जब नागरिक निश्चिंत होकर सोता है, तो उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस निभाती है और कठिन परिस्थितियों में लोगों की उम्मीद भी पुलिस से ही जुड़ी होती है।
मंत्री ने कहा कि 870 युवा प्रशिक्षु अधिकारी ऐसे मुकाम पर हैं, जहां से वे प्रदेश की सुरक्षा, शांति और न्याय व्यवस्था की मजबूत आधारशिला बनने जा रहे हैं। यह उपलब्धि न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि पूरे राज्य की अपेक्षाओं का प्रतीक भी है।
राज्य में बदलते सुरक्षा परिदृश्य का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नक्सलवाद जैसी बड़ी चुनौती पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया है। अब साइबर अपराध, संगठित अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा और सोशल मीडिया के माध्यम से फैलती अफवाहें नई चुनौतियां हैं, जिनसे निपटने के लिए पुलिस अधिकारियों को तकनीकी रूप से दक्ष और संवेदनशील बनना होगा।
मंत्री ने कहा कि इस बैच में बड़ी संख्या में महिला अधिकारियों की भागीदारी प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने महिला अधिकारियों को सुरक्षा और सशक्तिकरण की नई पहचान बताया। साथ ही सभी प्रशिक्षुओं से अपेक्षा की कि वे जनता के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करें तथा अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ करें।
उन्होंने कहा कि एक सफल पुलिस अधिकारी वही होता है, जो अपनी टीम के साथ समन्वय बनाकर कार्य करता है और संकट की स्थिति में नेतृत्व करता है। जहां भी उनकी नियुक्ति हो, वहां की स्थानीय संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करते हुए जनता के साथ विश्वास का रिश्ता बनाना जरूरी है।
अपने संबोधन के अंत में मंत्री ने संदेश दिया कि डर नहीं, विश्वास पैदा करें और शक्ति का प्रदर्शन नहीं, बल्कि न्याय का संरक्षण करें। उन्होंने कहा कि जिस दिन नागरिक स्वयं को पुलिस के कारण सुरक्षित महसूस करेगा, उसी दिन वर्दी का वास्तविक महत्व सिद्ध होगा।
इस अवसर पर अभिषेक पल्लव, पंकज शुक्ला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने सभी अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
