रायपुर, छत्तीसगढ़ शासन के आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा मंत्रालय महानदी भवन में डेटा समन्वय को लेकर कार्यशाला सह बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय आंकड़ों के मानकीकरण और प्रशासनिक डेटा लिंकिंग पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता विभाग के सचिव भुवनेश यादव ने की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे जल्द से जल्द अपने-अपने विभाग से संबंधित आवश्यक डेटा उपलब्ध कराएं, ताकि समन्वय प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।
कार्यशाला में यह जानकारी दी गई कि भारत सरकार के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा प्रशासनिक डेटा लिंकिंग पर राष्ट्रीय स्तर का शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसमें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस सम्मेलन में डेटा सामंजस्य की प्रगति और उससे जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि विभागों के बीच डेटा के आदान-प्रदान से न केवल सिस्टम मजबूत और व्यवस्थित होगा, बल्कि नीति निर्माण में भी सटीकता आएगी। डेटा में एकरूपता होने से दोहराव की समस्या खत्म होगी और योजनाओं व निर्णयों को बेहतर डेटा विश्लेषण के आधार पर लागू किया जा सकेगा।
कार्यशाला में विभागवार डेटा समेकन, उपलब्ध आंकड़ों का उपयोग, सेवा वितरण, निगरानी और प्रशासनिक डेटा के एकीकरण को लेकर कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में राज्य शासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए, वहीं भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
