Andhra Pradesh Firecracker Factory Fire: काकीनाडा। आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में स्थित एक पटाखा निर्माण फैक्ट्री में भीषण आग और धमाके की घटना में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा पेड्डापुरम इलाके के समालकोट मंडल के वेतलापलेम गांव में हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
तेज धमाकों के बाद फैली आग
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने से पहले फैक्ट्री के अंदर तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी। उस समय फैक्ट्री में मजदूर काम कर रहे थे। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे बड़ा विस्फोट हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि कुछ शव पास के खेतों तक जा गिरे, जिससे आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई।
30 से अधिक मजदूर थे मौजूद
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 30 से 35 मजदूर काम कर रहे थे। कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। काकीनाडा गवर्नमेंट जनरल हॉस्पिटल के अधीक्षक के अनुसार, अस्पताल में 90 से 100 प्रतिशत तक जले हुए सात मरीजों का इलाज जारी है।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे रहे, जबकि पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। भारी भीड़ के कारण बचाव कार्य में बाधा भी उत्पन्न हुई।
जांच में जुटी पुलिस और फोरेंसिक टीम
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि फैक्ट्री में सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।
