Bolivia Plane Crash: नई दिल्ली। बोलीविया की राजधानी ला पाज के पास स्थित एल अल्टो क्षेत्र में एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ। शुक्रवार शाम बोलीवियाई वायुसेना का हरक्यूलिस मालवाहक विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद नियंत्रण खो बैठा और रनवे से फिसलकर पास के व्यस्त हाईवे पर क्रैश हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दमकल विभाग के प्रमुख पावेल टोवर के अनुसार इस हादसे में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हाईवे पर कई वाहनों को मारी टक्कर
अधिकारियों ने बताया कि विमान क्रैश होने से पहले हाईवे पर चल रहे लगभग 15 वाहनों को भी टक्कर लगी। हादसे में विमान में सवार सैन्य कर्मियों के अलावा सड़क पर मौजूद कुछ लोगों के भी हताहत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। दुर्घटना के बाद विमान में भीषण आग लग गई, जिसे दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद बुझाया।
नोटों से भरा विमान कर रहा था परिवहन
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह सैन्य विमान देश के केंद्रीय बैंक द्वारा छापे गए नए नोटों को अन्य शहरों तक पहुंचाने के लिए ले जा रहा था। हादसे के बाद बड़ी मात्रा में नकदी हाईवे पर बिखर गई।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और तस्वीरों में लोग घटनास्थल से नोट उठाते हुए दिखाई दिए, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को पानी की बौछार और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
केंद्रीय बैंक का बयान और प्रशासन की कार्रवाई
बोलीविया के केंद्रीय बैंक ने स्पष्ट किया कि दुर्घटना में बिखरे नोट अभी आधिकारिक रूप से प्रचलन में नहीं थे और उनकी कोई वैध क्रय शक्ति नहीं थी। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर हवाई अड्डे से आने-जाने वाली उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया है।
अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी, मौसम या मानवीय त्रुटि को संभावित कारण माना जा रहा है।
जांच जारी, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
राहत और बचाव कार्य जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव हो सकता है। प्रशासन जल्द ही हादसे की विस्तृत रिपोर्ट जारी करेगा।
