CG : बिलासपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को बिलासपुर जिले के बिल्हा में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में भाग लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि का ऑनलाइन अंतरण किया।
इस योजना के तहत प्रदेश के लगभग 25 लाख 28 हजार किसानों को सीधे उनके बैंक खातों में राशि भेजी जाएगी। राज्य सरकार किसानों से प्रति क्विंटल 3100 रुपये की दर से धान की खरीद कर रही है, जिससे किसानों को आर्थिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है कि किसानों को होली से पहले इतनी बड़ी राशि का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में लगभग 146 स्थानों पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिससे अधिक से अधिक किसानों तक सहायता राशि पहुंचाई जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों की समृद्धि से ही प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी तथा भविष्य में भी सरकार कृषि और किसान कल्याण की योजनाओं को प्राथमिकता देती रहेगी।
देखें लाइव –
