Border 2 Collection: मुंबई। सनी देओल की बहुप्रतीक्षित वॉर-एक्शन फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज़ के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर ज़बरदस्त धमाल मचा दिया है। 1997 में आई सुपरहिट फिल्म बॉर्डर के इस सीक्वल को लेकर दर्शकों में पहले से ही भारी उत्साह था, जिसका असर अब कमाई के आंकड़ों में साफ दिखाई दे रहा है। फिल्म ने न सिर्फ रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग ली, बल्कि दूसरे दिन भी इसकी रफ्तार और तेज हो गई।
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क (Sacnilk) के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज़ के पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 30 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म ने रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर’ के पहले दिन के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। वहीं, दूसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला और इसने लगभग 36.7 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस तरह दो दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 66.7 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। हालांकि, ये आंकड़े फिलहाल शुरुआती हैं और फाइनल रिपोर्ट में बदलाव संभव है।
ऑक्यूपेंसी में दिखा बड़ा उछाल
‘बॉर्डर 2’ की कमाई में दूसरे दिन खासतौर पर दर्शकों की बढ़ती भीड़ ने अहम भूमिका निभाई। सैकनिल्क के अनुसार, शनिवार को सुबह के शोज में फिल्म की ऑक्यूपेंसी 15.51% रही, जो दोपहर तक बढ़कर 39.97% हो गई। शाम के शोज में यह आंकड़ा 49.13% तक पहुंचा, जबकि रात के शोज में सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली और ऑक्यूपेंसी 61.70% दर्ज की गई। नाइट शोज में भारी दर्शक उपस्थिति फिल्म के मजबूत वर्ड ऑफ माउथ का संकेत मानी जा रही है।
रिपब्लिक डे वीकेंड से बढ़ेंगी उम्मीदें
ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म को मिल रही पॉजिटिव प्रतिक्रिया इसकी बंपर कमाई की सबसे बड़ी वजह है। खासकर मास बेल्ट्स और सिंगल स्क्रीन थिएटर्स में ‘बॉर्डर 2’ को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म क्रिटिक तरन आदर्श ने भी सोशल मीडिया पर फिल्म की तारीफ करते हुए कहा कि बेहतरीन वर्ड ऑफ माउथ और रिपब्लिक डे की छुट्टी के चलते आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई और रफ्तार पकड़ सकती है।
दमदार स्टारकास्ट बनी मजबूती
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, मोना सिंह, मेधा राणा और सोनम बाजवा अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। देशभक्ति से ओत-प्रोत कहानी, दमदार एक्शन सीक्वेंस और मजबूत स्टारकास्ट के दम पर ‘बॉर्डर 2’ फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा बनाए हुए है।
