मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को शुरुआती कारोबार के दौरान भारी अस्थिरता देखने को मिली। विदेशी पूंजी की लगातार निकासी और वैश्विक स्तर पर शुल्क (टैरिफ) से जुड़ी अनिश्चितताओं के चलते निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 53.88 अंक की गिरावट के साथ 83,573.11 अंक पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 16.55 अंक फिसलकर 25,719.25 अंक पर कारोबार करता दिखा।
इन शेयरों में दिखी कमजोरी
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से एशियन पेंट्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), बजाज फिनसर्व, इंटरग्लोब एविएशन, सन फार्मा और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।
इन शेयरों में रही मजबूती
वहीं टाटा स्टील, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एनटीपीसी और एक्सिस बैंक के शेयर लाभ में कारोबार करते नजर आए।
एशियाई बाजारों का रुख
एशियाई शेयर बाजारों में मिलाजुला रुख देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग शुरुआती कारोबार में बढ़त के साथ खुले।
अमेरिकी बाजार और कच्चा तेल
अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल का भाव 0.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 65.15 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
एफआईआई बिकवाल, डीआईआई खरीदार
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) मंगलवार को शुद्ध रूप से बिकवाल रहे और उन्होंने 1,499.81 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 1,181.78 करोड़ रुपये के शेयरों की खरीदारी की।
