RailOne App : नई दिल्ली। रेलवन (RailOne) एप अब ट्रेन यात्रियों के लिए विशेष छूट योजना लेकर आया है। इसके तहत आज से अनरिजर्व्ड (जनरल) टिकट बुक करने पर 3% की छूट दी जाएगी। वहीं, अगर यात्री R-वॉलेट के जरिए भुगतान करता है, तो छूट 6% तक बढ़ जाएगी।
यह ऑफर 14 जुलाई 2026 तक छह महीने के लिए लागू रहेगा। भारतीय रेलवे ने 30 दिसंबर को इस डिस्काउंट योजना की घोषणा की थी।

ऑफर केवल रेलवन एप पर
रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह छूट केवल रेलवन एप पर उपलब्ध होगी। किसी अन्य प्लेटफॉर्म, वेबसाइट या ऑनलाइन सेवा से जनरल टिकट बुक करने पर यह डिस्काउंट लागू नहीं होगा। इसका उद्देश्य यात्रियों को आधिकारिक एप की ओर बढ़ाना और स्टेशनों पर टिकट काउंटरों पर भीड़ को कम करना है।

रेलवन एप क्या है?
रेलवन एप भारतीय रेल मंत्रालय का ‘वन-स्टॉप सॉल्यूशन’ है, जिसमें ट्रेन यात्रा से जुड़ी सभी आवश्यक सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलती हैं। इसे Android और iOS पर मुफ्त डाउनलोड किया जा सकता है। एप का इंटरफेस आसान और सुविधाजनक है। एक बार mPIN या बायोमेट्रिक लॉगिन करने के बाद यात्री सभी सुविधाओं का लाभ ले सकता है।
