प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम एवं आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन कोरबा में आयोजित धीवर समाज ट्रस्ट के नववर्ष एवं पारिवारिक मिलन समारोह में शामिल हुए। यह कार्यक्रम गत दिनों जूनियर रिक्रिएशन क्लब, एसईसीएल मानिकपुर, कोरबा में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री रामचंद्र जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके पश्चात अतिथियों का पारंपरिक रूप से शाल एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
अपने उद्बोधन में मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रदेश और राष्ट्र के विकास में प्रत्येक समाज की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। समाज के सशक्त होने से ही देश मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि धीवर समाज प्रभु श्री राम के आदर्शों और विचारों पर चलने वाला समाज है तथा समाज का स्नेह, सहयोग और समर्थन उन्हें सदैव प्राप्त होता रहा है।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि यह नववर्ष एवं पारिवारिक मिलन समारोह सामाजिक एकता, सांस्कृतिक समरसता और पारिवारिक सौहार्द का उत्कृष्ट उदाहरण है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने, आपसी भाईचारे को मजबूत करने और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में नगर पालिक निगम कोरबा के पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन एवं श्री प्रफुल्ल तिवारी भी उपस्थित रहे। पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन ने कहा कि जब प्रत्येक समाज शिक्षा, संगठन और सेवा के मार्ग पर अग्रसर होता है, तभी प्रदेश और देश प्रगति की नई ऊंचाइयों को छूता है। यह आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रेरणादायक पहल है।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में समाज के बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें बच्चों के आकर्षक नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। प्रतिभागी बच्चों को मंच से सम्मानित भी किया गया।
समारोह के अंत में ट्रस्ट की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने समाज द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत एवं स्नेहपूर्ण अभिनंदन के लिए आभार व्यक्त किया।
