बलौदाबाजार, कलेक्टर दीपक सोनी ने शुक्रवार को खाद्य, सहकारिता, कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रही धान खरीदी की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने उपार्जन केंद्रों से धान के उठाव में तेजी लाने और बिचौलियों पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि उपार्जन केंद्रों से धान का शीघ्र उठाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि कहीं भी जाम की स्थिति न बने। उन्होंने ट्रांसपोर्टरों को प्रतिदिन कम से कम 200 ट्रक धान उठाव के लिए लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, जो मिलर धान उठाव में रुचि नहीं ले रहे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर देते हुए कलेक्टर ने सहकारिता एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों को बिचौलियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और खरीदी प्रक्रिया निष्पक्ष बनी रहे।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के सभी 166 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी का कार्य जारी है। अब तक जिले में 92,505 किसानों से कुल 4,45,876 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है, जबकि 1,63,617 मीट्रिक टन धान का उठाव किया गया है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीदी एवं उठाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य समयबद्ध एवं सुचारु रूप से संपन्न किए जाएं।
