अंतिम कार्यदिवस पर ही सौंपे गए पेंशन, ग्रेच्युटी और भविष्य निधि के आदेश
सीईओ बोले – आपका अनुभव समाज के लिए अमूल्य
बस्तर जिला प्रशासन द्वारा वर्ष के अंतिम दिन बुधवार 31 दिसम्बर को कलेक्टोरेट स्थित आस्था कक्ष में एक गरिमामय समारोह का आयोजन कर जिले के विभिन्न विभागों में सेवाएं दे चुके 11 सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को भावभीनी विदाई दी गई।
कलेक्टर श्री हरिस एस. के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता और सुशासन का परिचय देते हुए सभी सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन भुगतान आदेश (PPO), ग्रेच्युटी भुगतान आदेश (GPO) एवं भविष्य निधि भुगतान आदेश प्रदान किए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय सम्मान प्रदान किया। प्रशासन की तत्परता का उदाहरण यह रहा कि विदाई समारोह के दौरान ही सभी आवश्यक भुगतान आदेश संबंधित कर्मियों को सौंप दिए गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री प्रतीक जैन ने कहा कि आप सभी शासकीय सेवा में अत्यंत अनुभवी रहे हैं और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया है। भले ही आज आप शासकीय दायित्वों से मुक्त हो रहे हों, लेकिन आपका संचित अनुभव समाज और नई पीढ़ी के लिए अमूल्य है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों से सेवानिवृत्ति के बाद भी सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहने और अपने अनुभव साझा करने का आह्वान किया। साथ ही सभी को स्वस्थ, सुदीर्घ एवं खुशहाल जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
विदाई के इस अवसर पर त्वरित भुगतान और वरिष्ठ अधिकारियों से मिले सम्मान से सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारी बेहद प्रसन्न एवं अभिभूत नजर आए। उन्होंने जिला प्रशासन की इस पहल को सराहनीय और राहत देने वाली बताते हुए कहा कि सेवा के अंतिम दिन ही पेंशन एवं ग्रेच्युटी के आदेश मिलना उनके लिए एक सुखद अनुभव रहा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कोषालय अधिकारी श्री अनिल कुमार पाठक ने पेंशनरों को मिलने वाले समस्त हितलाभों की जानकारी दी तथा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट की प्रक्रिया एवं उपयोगिता को विस्तार से समझाया। इस अवसर पर सहायक कोषालय अधिकारी सुश्री ममता ध्रुव, श्री नरेंद्र सिंह नाग, कोषालय एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों के परिजन भी उपस्थित रहे।
