15 जनवरी तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
शिक्षा सत्र 2025-26 के लिए जिले में संचालित समस्त शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, मेडिकल, कृषि, वेटनरी, पॉलीटेक्निक कॉलेज, आई.टी.आई., नर्सिंग, डी.एड. एवं बी.एड. संस्थानों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थी ऑनलाइन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए पात्र होंगे।
आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि नवीन एवं नवीनीकरण दोनों श्रेणियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित समय-सीमा के भीतर यदि आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं की जाती है और विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह जाते हैं, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित संस्था की होगी।
उन्होंने बताया कि पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का भुगतान पीएफएमएस (PFMS) के माध्यम से आधार आधारित किया जाएगा। आवेदन करते समय विद्यार्थियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका बचत खाता सक्रिय हो तथा आधार से सीडेड बैंक खाता संख्या सही रूप से दर्ज की गई हो।
छात्रवृत्ति आवेदन का सत्यापन आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से किया जाएगा, इसलिए विद्यार्थी आवेदन के दौरान आधार पर पंजीकृत मोबाइल नंबर की प्रविष्टि अवश्य करें।
सत्र 2025-26 में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए एनएसपी पोर्टल से ओटीआर (OTR) प्राप्त करना अनिवार्य होगा। इस संबंध में विस्तृत निर्देश राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध हैं, जिनका अवलोकन किया जा सकता है। संबंधित शैक्षणिक संस्थाओं द्वारा भी आवश्यक जानकारी विद्यार्थियों को प्रदान की जाएगी।
