अदम्य साहस और निःस्वार्थ कार्य करने वाले बच्चों को मिलेगा सम्मान
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अदम्य साहस, शौर्य, वीरता और बुद्धिमत्ता का परिचय देने वाले बच्चों को सम्मानित करने के लिए प्रतिष्ठित “राज्य वीरता पुरस्कार” हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पुरस्कार उन बालक-बालिकाओं को प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने किसी विशेष घटना में निःस्वार्थ भाव से साहस का परिचय देते हुए किसी व्यक्ति के जीवन की रक्षा की हो अथवा गंभीर क्षति से बचाया हो।
पुरस्कार के लिए पात्रता के अंतर्गत आवेदक की आयु 18 वर्ष से कम होना अनिवार्य है। साथ ही, साहसिक घटना की अवधि 1 जनवरी 2025 से 15 दिसंबर 2025 के मध्य की होनी चाहिए। चयनित बच्चों को 25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन 20 दिसंबर 2025 तक संबंधित जिला महिला एवं बाल विकास कार्यालय में जमा कर सकते हैं। पुरस्कार से संबंधित विस्तृत जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
