Filmfare OTT Awards 2025: मुंबई। 15 दिसंबर को आयोजित हुए फिल्मफेयर ओटीटी अवार्ड्स 2025 में भारतीय ओटीटी इंडस्ट्री की बेहतरीन वेब सीरीज, वेब फिल्मों और कलाकारों को सम्मानित किया गया। इन अवॉर्ड्स में 1 अगस्त 2024 से 31 जुलाई 2025 के बीच विभिन्न ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज हुए कंटेंट का मूल्यांकन किया गया। इस साल दमदार अभिनय, मजबूत कहानियों और नई प्रतिभाओं का खास दबदबा देखने को मिला।
जयदीप अहलावत बने शाम के सबसे बड़े सितारे
इस अवॉर्ड नाइट का सबसे बड़ा नाम रहे जयदीप अहलावत, जिन्होंने ‘पाताल लोक सीजन 2’ में इंस्पेक्टर हाथीराम चौधरी के दमदार किरदार के लिए बेस्ट एक्टर (ड्रामा – मेल) का खिताब अपने नाम किया। वहीं, अनन्या पांडे ने अपनी फ्रेश परफॉर्मेंस और शानदार कॉमिक टाइमिंग के दम पर ‘कॉल मी बे’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस (कॉमेडी) का अवॉर्ड जीतकर सभी को चौंका दिया।
वेब सीरीज कैटेगरी में रहा ‘पाताल लोक 2’ का जलवा
वेब सीरीज कैटेगरी में ‘ब्लैक वारंट’ को बेस्ट सीरीज चुना गया, जबकि क्रिटिक्स चॉइस बेस्ट सीरीज का सम्मान ‘पाताल लोक सीजन 2’ को मिला। ड्रामा कैटेगरी में मोनिका पंवार ने ‘खौफ’ के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड जीता। वहीं, ज़हान कपूर और रसिका दुग्गल को उनके प्रभावशाली अभिनय के लिए क्रिटिक्स द्वारा सम्मानित किया गया।

कॉमेडी और सपोर्टिंग रोल्स में इन कलाकारों ने मारी बाज़ी
कॉमेडी कैटेगरी में ‘रात जवान है’ को बेस्ट कॉमेडी सीरीज का अवॉर्ड मिला। इस सीरीज के लिए बरुण सोबती ने बेस्ट एक्टर (कॉमेडी) का पुरस्कार जीता, जिसे उन्होंने ‘दुपहिया’ के लिए स्पर्श श्रीवास्तव के साथ संयुक्त रूप से साझा किया।
सपोर्टिंग रोल्स में राहुल भट्ट, तिलोत्तमा शोम, विनय पाठक और रेणुका शाहणे को उनके शानदार अभिनय के लिए सम्मानित किया गया।
वेब ओरिजिनल फिल्मों में भी दिखा दम
वेब ओरिजिनल फिल्मों में ‘गर्ल्स विल बी गर्ल्स’ को बेस्ट वेब ओरिजिनल फिल्म का अवॉर्ड मिला। वहीं, सान्या मल्होत्रा (मिसेज) और अभिषेक बनर्जी (स्टोलन) ने क्रमशः बेस्ट एक्ट्रेस और बेस्ट एक्टर का खिताब जीता।
क्रिटिक्स कैटेगरी में विक्रांत मैसी को ‘सेक्टर 36’ के लिए सराहा गया।
नए कलाकारों और तकनीकी कैटेगरी में भी सम्मान
तकनीकी अवॉर्ड्स में खौफ, पाताल लोक सीजन 2 और फ्रीडम एट मिडनाइट जैसी सीरीज छाई रहीं। वहीं, ब्रेकथ्रू परफॉर्मेंस कैटेगरी में ‘ब्लैक वारंट’ के अनुराग ठाकुर और ‘कॉल मी बे’ की लिसा मिश्रा को अवॉर्ड से नवाजा गया।
कुल मिलाकर, फिल्मफेयर ओटीटी अवार्ड्स 2025 ने भारतीय ओटीटी कंटेंट की विविधता, प्रतिभा और क्रिएटिविटी को शानदार तरीके से सेलिब्रेट किया।
