नगर पंचायत केशकाल क्षेत्रांतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग–30 (एनएच-30) पर मरम्मत और उन्नयन कार्य तेजी से जारी है। निर्माण गतिविधियों के चलते नगर के भीतर ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिसके मद्देनज़र प्रशासन ने वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्गों की घोषणा की है। इन रूटों का पालन कर यात्री न केवल जाम से बच सकेंगे, बल्कि नगर क्षेत्र में यातायात दबाव भी कम होगा।
प्रशासन के अनुसार, जगदलपुर से रायपुर की ओर कार एवं बाइक से यात्रा करने वाले यात्री एनएच-30 का कार्य पूर्ण होने तक बटराली–राँधा–उपरमुरवेड–मुरनार मार्ग का उपयोग करें। यह मार्ग लगभग 30 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करते हुए भी मुख्य सड़क पर लगने वाले जाम से बचने का बेहतर विकल्प साबित होगा।
रायपुर दिशा में जाने वाले भारी वाहनों के लिए फरसगांव–राधना–गम्हरी–बांसकोट–बोरई–घटुला–सिहावा–नगरी–कुरूद मार्ग निर्धारित किया गया है। इस रूट का उपयोग करने से केशकाल नगर में भारी वाहनों का दबाव कम होगा। इसके अतिरिक्त भारी वाहन चालक नारायणपुर मार्ग का विकल्प भी चुन सकते हैं।
वहीं रायपुर से जगदलपुर आने वाले यात्री सामान्य रूप से रायपुर–कांकेर–केशकाल मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।
प्रशासन ने वाहन चालकों और नागरिकों से अपील की है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित बनी रहे।
