Dhurandhar : मुंबई। रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ ने 5 दिसंबर 2025 को थिएटर्स में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया। पहले दिन ही फिल्म ने 27 करोड़ रुपए की कमाई कर सैयारा और पद्मावत जैसी फिल्मों के ओपनिंग रिकॉर्ड तोड़ दिए। इस कमबैक फिल्म ने साबित कर दिया कि असली बॉक्स ऑफिस जज दर्शक होते हैं।
आदित्य धर द्वारा निर्देशित यह स्पाई थ्रिलर रिलीज से पहले ही चर्चा में थी। फिल्म की स्टारकास्ट और कुछ विवादों ने इसे और अधिक आकर्षक बना दिया। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, धुरंधर ने पहले दिन ही ब्लॉकबस्टर लेवल की कमाई की और साल 2025 की ओपनिंग लिस्ट में दूसरे स्थान पर पहुँच गई है। पहले स्थान पर अभी भी ‘छावा’ काबिज है।

रणवीर सिंह के करियर की बात करें तो ‘धुरंधर’ ने उनकी अब तक की सभी फिल्मों की ओपनिंग रिकॉर्ड तोड़ दी है। इसमें पद्मावत (24 करोड़), सिंबा (20.72 करोड़), गली बॉय (19.40 करोड़) और गुंडे (16.12 करोड़) जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। इस तरह यह रणवीर की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म बन गई है।

फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर. माधवन, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल और संजय दत्त जैसे बड़े कलाकार भी हैं, जिन्होंने फिल्म की अपील को और बढ़ा दिया। 20 वर्षीय सारा अर्जुन ने लीड फिमेल के रूप में रणवीर के साथ शानदार प्रदर्शन किया, जिसे सोशल मीडिया पर दर्शकों ने खूब सराहा।
