Raipur : रायपुर। छत्तीसगढ़ को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। केंद्र सरकार ने रायपुर में अत्याधुनिक स्पेस लैब स्थापित करने की मंजूरी दे दी है। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर यह खुशखबरी साझा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अंतरिक्ष आयोग अध्यक्ष-सचिव डॉ. वी. नारायणन का ह्रदय से आभार जताया है।
सांसद ने बताया कि छत्तीसगढ़ की रजत जयंती के अवसर पर भेजे गए प्रस्ताव पर अंतरिक्ष विभाग ने औपचारिक स्वीकृति दे दी है। यह लैब प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, रॉकेट तकनीक, सैटेलाइट और नवाचार का प्रत्यक्ष अनुभव देगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता है कि जल्द ही प्रदेशवासी इस विश्वस्तरीय सुविधा का लाभ उठा सकें।
बृजमोहन अग्रवाल ने आज लोकसभा में नियम-377 के तहत भी यह मुद्दा उठाया और प्रधानमंत्री से पूरे देश में ऐसी स्पेस लैब्स और इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने का आग्रह किया ताकि हर बच्चे तक अंतरिक्ष विज्ञान के समान अवसर पहुंचें। उन्होंने कहा, “विकसित भारत 2047 का सपना तभी पूरा होगा जब हमारी नई पीढ़ी विज्ञान और तकनीक में आत्मनिर्भर बनेगी। रायपुर की यह स्पेस लैब अब राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बन रही है – यही नया भारत है, यही मोदी जी का विजन है।”
शिक्षाविदों और छात्रों में इस घोषणा से जबरदस्त उत्साह है। माना जा रहा है कि यह लैब छत्तीसगढ़ को अंतरिक्ष शिक्षा और अनुसंधान का नया हब बनाएगी।

