साहसी बालक–बालिकाओं को मिलेगा सम्मान
राज्य शासन ने वर्ष 2025 के राज्य वीरता पुरस्कार के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह पुरस्कार उन साहसी बालक-बालिकाओं को प्रदान किया जाएगा जिन्होंने किसी विशेष घटना में अदम्य साहस, शौर्य और बुद्धिमत्ता का परिचय देते हुए किसी की जीवन रक्षा की हो या शारीरिक क्षति से बचाने के लिए निःस्वार्थ कार्य किया हो। चयनित कार्य ऐसे होने चाहिए जो अन्य बच्चों के लिए प्रेरणादायक और अनुकरणीय बनें।
पात्रता के अनुसार घटना के समय बच्चे की आयु 18 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। पुरस्कार के लिए मानी जाने वाली घटनाएं 1 जनवरी 2025 से 15 दिसंबर 2025 के बीच घटित होनी चाहिए।
इच्छुक बच्चों या उनके अभिभावकों को आवेदन हेतु निर्धारित प्रारूप महिला एवं बाल विकास विभाग, महासमुंद से प्राप्त किया जा सकता है। आवेदन दो प्रतियों में 20 दिसंबर 2025, शाम 5 बजे तक जमा किए जा सकते हैं। पात्रता, प्रक्रिया और अन्य विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है।
