कोचेरा में 411 और कोबा में 360 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी योजना के तहत बालोद जिले में धान खरीदी का कार्य लगातार सफलतापूर्वक जारी है। कृषि टोकन के अनुसार किसान सुबह से ही धान खरीदी केंद्रों पर पहुँचकर अपने धान की बिक्री प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। तीसरे दिन 18 नवंबर को भी जिले के धान खरीदी केंद्रों में किसानों की अच्छी खासी भीड़ देखी गई।
डौंडीलोहारा विकासखंड के कोचेरा केंद्र में आज 411 क्विंटल से अधिक धान खरीदा गया, जिसमें 272.80 क्विंटल पतला और 138.4 क्विंटल मोटा धान शामिल है। किसानों में ग्राम दुपेचरा के चोवाराम ने 18 क्विंटल मोटा, ग्राम कोचेरा के दौलतराम ने 254 क्विंटल पतला, दिलीप कुमार ने 110 क्विंटल पतला, जाम बाई ने 58 क्विंटल पतला, मुरली राम ने 125 क्विंटल पतला, तानुराम ने 135 क्विंटल पतला तथा नरोत्तम कुमार ने 30 क्विंटल मोटा धान बेचा।
इसी तरह धान खरीदी केंद्र कोबा में आज 360 क्विंटल से अधिक धान की खरीदी हुई, जिसमें 316 क्विंटल मोटा और 44 क्विंटल पतला धान शामिल रहा।
धान खरीदी कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए नोडल अधिकारी सुबह से ही केंद्रों में पहुंचकर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए केंद्रों में पीने के पानी, छांव, बैठक व्यवस्था और शौचालय जैसी सुविधाएँ सुनिश्चित की गई हैं। इसके साथ ही राजस्व अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित खाद्य एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी नियमित रूप से धान खरीदी कार्य की निगरानी कर रहे हैं।
