महासमुंद, 25 सितम्बर 2025: जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आदिवासी बाहुल्य ग्रामों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित विशेष आदि कर्मयोगी अभियान के तहत जिले के धरती आबा योजना अंतर्गत चयनित 308 ग्रामों में आदि सेवा पर्व का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर सभी 308 ग्रामों में आदि सेवा केंद्रों पर राजस्व विभाग द्वारा विशेष शिविर आयोजित किए गए, जिसमें जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र के अलावा नामांतरण, बंटवारा और अन्य राजस्व संबंधी आवेदनों को प्राप्त किया गया। सभी प्रकरणों का समाधान नियमानुसार किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य व्यक्ति, परिवार और सामुदायिक स्तर पर विकास के साथ-साथ आदिवासी संस्कृति और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण और संवर्धन करना है। ग्राम स्तर पर आदि सहयोगी एवं साथी अपने ग्राम एवं समुदाय के विकास हेतु सक्रिय भागीदारी देते हुए कार्य योजना बनाएंगे।
सेवा पर्व 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा आदि सेवा केंद्रों पर गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। 2 अक्टूबर को सेवा पर्व के समापन अवसर पर सभी विभागों की भागीदारी से स्वच्छता अभियान, जल स्रोतों की सफाई, सोख्ता निर्माण और आदि शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
