हमीरपुर। अक्सर फिल्मों में आपने आसमान से पैसे बरसते देखे होंगे, लेकिन इस बार असल जिंदगी में ऐसा ही नजारा सामने आया। हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र में अचानक एक पेड़ से नोटों की बारिश होने लगी। पैसों की बरसात देखते ही लोग खुशी से झूम उठे और नोट लूटने के लिए दौड़ पड़े।
दरअसल, यह पूरा वाकया एक दुकानदार और बंदरों से जुड़ा है। मराठीपुर इलाके के रहने वाले बाल गोपाल रोज की तरह फुटपाथ पर पूजा-पाठ की सामग्री की दुकान लगाए हुए थे। तभी अचानक बंदरों का झुंड दुकान पर आ पहुंचा। इसी दौरान एक बंदर दुकानदार का पैसों से भरा बैग उठाकर पेड़ पर चढ़ गया। बैग में करीब 10,800 रुपये रखे थे।
पेड़ पर पहुंचकर बंदर बैग से नोट निकाल-निकालकर नीचे फेंकने लगा। अचानक नोटों की बरसात देखकर वहां भीड़ जुट गई। कुछ लोग पैसे समेटने में लग गए, तो कुछ लोग खड़े होकर इस नजारे को देखकर हैरान रह गए। वहीं कुछ ईमानदार लोगों ने नोट वापस दुकानदार को भी सौंपे।

करीब एक घंटे तक बंदरों की शरारत जारी रही। इस दौरान मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और सड़क पर यातायात भी बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला।
हालांकि, दुकानदार बाल गोपाल के लिए यह घटना दुखद साबित हुई। मेहनत की कमाई छिनते देख उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े। लगभग 11 हजार रुपये में से उन्हें सिर्फ 6 हजार रुपये ही वापस मिल पाए, बाकी रकम लोग उठा ले गए।
यह अजीबोगरीब घटना अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जहां लोग इसे “फिल्मी सीन” और “सपने के सच होने जैसा नजारा” बता रहे हैं।
