महिला एवं बाल विकास विभाग ने मिशन शक्ति के अंतर्गत “SANKALP: HEW” नामक विशेष 10 दिवसीय राज्यव्यापी जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को कानूनी अधिकार, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा और शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना है।
प्रदेश के सभी जिलों में शहरी व ग्रामीण आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और समुदायों में इस दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान में हब की टीमें हितग्राहियों को पॉक्सो अधिनियम, माहवारी स्वच्छता, प्रजनन क्षमता विकास, भ्रूण हत्या निषेध, समानता का अधिकार, पोषण और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर जानकारी दे रही हैं।
साथ ही, महिलाओं और किशोरियों को सखी वन स्टॉप सेंटर, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना और नोनी सुरक्षा योजना की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। विशेषज्ञ टीमें महिला उत्पीड़न रोकथाम, बाल विवाह निषेध, पोषण सुधार और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दे रही हैं।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है ताकि वे जागरूकता के प्रसार में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
राज्य सरकार का कहना है कि यह पहल सिर्फ जानकारी देने का माध्यम नहीं है, बल्कि महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक ठोस कदम है। लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ की हर महिला और किशोरी सशक्त, आत्मनिर्भर और अपने अधिकारों के प्रति सजग बने।