नई दिल्ली/पुणे। दिल्ली पुलिस ने टीवी अभिनेता आशीष कपूर को पुणे से गिरफ्तार किया है। उन पर दिल्ली में अगस्त के दूसरे हफ्ते में हुई एक हाउस पार्टी के दौरान बाथरूम में पीड़िता के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का गंभीर आरोप है। इस मामले में 11 अगस्त को सिविल लाइंस थाने में FIR दर्ज की गई थी। आशीष कपूर कई टीवी धारावाहिकों में काम कर चुके हैं और मनोरंजन जगत में जाना-पहचाना नाम हैं।
सोशल मीडिया के जरिए हुई थी मुलाकात
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की आशीष कपूर से पहली मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। महिला का आरोप है कि घटना की वीडियोग्राफी भी की गई थी, हालांकि पुलिस अब तक ऐसे कोई वीडियो नहीं ढूंढ पाई है। प्रारंभिक FIR में आशीष कपूर, उनके दोस्त, दोस्त की पत्नी और दो अज्ञात लोगों के नाम शामिल थे।

FIR और बयान में बदलाव
बाद में पीड़िता ने बयान बदलते हुए दावा किया कि केवल आशीष कपूर ने उसके साथ रेप किया। पीड़िता ने यह भी बताया कि जब वह बाथरूम से बाहर आई, तो आरोपी के दोस्त की पत्नी ने उसकी पिटाई की और फिर PCR कॉल की। जांच के दौरान CCTV फुटेज और गवाहों के बयान सामने आए, जिनमें यह स्पष्ट हुआ कि आशीष कपूर और पीड़िता बाथरूम में साथ दाखिल हुए थे।
कोर्ट और अग्रिम जमानत
पीड़िता ने 18 अगस्त को दूसरा बयान दर्ज कराया, जिसमें उन्होंने कहा कि आशीष कपूर और उनके दोस्त ने रेप किया और दोस्त की पत्नी ने हमला किया। इसके बाद 21 अगस्त को कपूर के दोस्त और उनकी पत्नी को अग्रिम जमानत मिल गई।

गिरफ्तारी और आगे की जांच
दिल्ली पुलिस ने आशीष कपूर की लोकेशन ट्रैक कर उन्हें पुणे से गिरफ्तार किया। अब आरोपी को दिल्ली लाकर आगे की पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में तेजी लाई है और गोपनीयता बनाए रखने की बात कही है।
