BJP में जल्द होगा बड़ा बदलाव: पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा, फिर दिल्ली और यूपी में प्रदेश अध्यक्षों का चयन
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा अब बस कुछ ही कदम दूर है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद ही दो बड़े राज्यों—दिल्ली और उत्तर प्रदेश—में प्रदेश अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि संगठनात्मक चुनाव की पात्रता प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब शीर्ष नेतृत्व बदलाव की ओर बढ़ रहा है। दिल्ली में वर्तमान अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में पार्टी ने हाल ही में 27 वर्षों के बाद सत्ता में वापसी की है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि उन्हें दोबारा मौका मिलेगा या नेतृत्व किसी नए चेहरे को सौंपा जाएगा।
वहीं उत्तर प्रदेश में बदलाव की संभावना और भी मजबूत है। जाट समुदाय से आने वाले भूपेंद्र सिंह चौधरी का कार्यकाल जनवरी 2023 में समाप्त हो गया था, लेकिन उन्हें लोकसभा चुनाव 2024 तक विस्तार दिया गया था। अब राज्य में पार्टी के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए नेतृत्व में बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं।
इससे पहले भाजपा ने मध्य प्रदेश, हिमाचल, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश जैसे कई राज्यों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति कर ली है। वहीं बिहार, गोवा, असम और सिक्किम में भी यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बचे हुए राज्यों में भी जल्द ही नए चेहरों की घोषणा होने की उम्मीद है।