Batwara 1947 Teaser Release : एंटरटेनमेंट डेस्क। साल 2026 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल ‘बंटवारा 1947’ का आधिकारिक टीजर रिलीज हो गया है। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म का टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। फिल्म में भारत विभाजन के दर्द, संघर्ष और इंसानियत की कहानी को बड़े पर्दे पर दिखाया गया है।
टीजर में वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान हुए उथल-पुथल भरे माहौल, लोगों के विस्थापन और भावनात्मक संघर्षों की झलक दिखाई गई है। साथ ही कठिन परिस्थितियों में उम्मीद और साहस की भावना को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है। दमदार संवाद और भावनात्मक बैकग्राउंड म्यूजिक टीजर को और प्रभावशाली बनाते हैं।
फिल्म में सनी देओल मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं, जिनका किरदार मुश्किल हालात के बीच साहस और मानवता का संदेश देता दिखाई देता है। लंबे समय बाद सनी देओल और प्रीति जिंटा की जोड़ी एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आने वाली है, जिसे लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है।
‘बंटवारा 1947’ में शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। यह फिल्म निर्देशक राजकुमार संतोषी और सनी देओल की लंबे समय बाद एक साथ वापसी को भी दर्शाती है।
टीजर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों ने फिल्म को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। कई लोगों ने सनी देओल और प्रीति जिंटा की वापसी को यादगार बताया, जबकि कुछ ने फिल्म को संभावित ब्लॉकबस्टर करार दिया है।
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। आमिर खान और अपर्णा पुरोहित द्वारा निर्मित यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
