छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के सम्मान में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के संघर्ष, बलिदान, सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली विरासत को नमन करने का महापर्व है।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोककलाओं, ऐतिहासिक विरासत और प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवनशैली से है। जनजातीय समाज ने सदियों से जल, जंगल और जमीन का संरक्षण करते हुए अपनी विशिष्ट परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत बनाए रखा है। यह संस्कृति प्रदेश की सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक अस्मिता की आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मनाया जाने वाला जनजातीय गौरव दिवस हमें स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के अद्वितीय योगदान, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष कर जनजातीय समाज को अपने अधिकारों और अस्तित्व की रक्षा के लिए संगठित किया। उनका जीवन साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों का योगदान भी अविस्मरणीय
मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती भी जनजातीय वीरों के साहस और बलिदान की साक्षी रही है। शहीद वीर नारायण सिंह ने अंग्रेजी शासन के अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनहित और स्वाभिमान के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। वहीं भूमकाल विद्रोह के महानायक वीर गुंडाधुर ने बस्तर की धरती से शोषण और अन्याय के खिलाफ जनजातीय चेतना को नई दिशा दी। इन महानायकों का संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
बस्तर से सरगुजा तक जनजातीय संस्कृति की अनूठी पहचान
राजेश अग्रवाल ने कहा कि बस्तर, सरगुजा, जशपुर, कांकेर, नारायणपुर, दंतेवाड़ा और बीजापुर सहित प्रदेश के विभिन्न जनजातीय अंचल सांस्कृतिक विविधता के अनमोल केंद्र हैं। गोंड, मुरिया, माड़िया, हल्बा, उरांव, कंवर, बैगा और पहाड़ी कोरवा जैसे समुदायों ने अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित रखा है।
बस्तर दशहरा, गोंचा पर्व, मड़ई मेले और सरगुजा-जशपुर की पारंपरिक परंपराएं छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाती हैं। वहीं गौर नृत्य, करमा, सैला और सुआ जैसे लोकनृत्य जनजातीय समाज की जीवनशैली, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामूहिकता की भावना को अभिव्यक्त करते हैं।
ढोकरा कला और पारंपरिक हस्तशिल्प को मिलेगा प्रोत्साहन
मंत्री ने कहा कि बस्तर की ढोकरा कला, लौह शिल्प, काष्ठ शिल्प, बांस शिल्प और पारंपरिक आभूषण जनजातीय कलाकारों की अद्भुत रचनात्मकता के परिचायक हैं। इन कलाओं का संरक्षण केवल सांस्कृतिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों के लिए सम्मानजनक आजीविका के अवसर बढ़ाने का माध्यम भी है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और नई पीढ़ी तक इसके हस्तांतरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। संस्कृति विभाग के माध्यम से लोककलाओं, पारंपरिक नृत्यों, संगीत, सांस्कृतिक आयोजनों और ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षण एवं प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
जनजातीय अंचलों में पर्यटन से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के जनजातीय अंचलों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। बस्तर के चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी, दंतेवाड़ा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, सरगुजा का मैनपाट और जशपुर के प्राकृतिक पर्यटन स्थल प्रदेश को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं।
पर्यटन विभाग की प्राथमिकता ऐसे पर्यटन को बढ़ावा देना है, जिसमें स्थानीय जनजातीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो। समुदाय आधारित पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन, स्थानीय गाइड, पारंपरिक व्यंजन, हस्तशिल्प और होम-स्टे जैसी गतिविधियों के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार की नई संभावनाएं विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यटन का विकास इस तरह होना चाहिए कि स्थानीय परंपराओं, आस्था और पर्यावरण का संरक्षण हो तथा पर्यटन से होने वाले आर्थिक लाभ में स्थानीय समुदायों की भी भागीदारी सुनिश्चित हो।
जनजातीय इतिहास और लोकपरंपराओं के संरक्षण पर जोर
मंत्री ने कहा कि आज आवश्यकता है कि जनजातीय इतिहास, लोकगाथाओं, पारंपरिक ज्ञान, लोकभाषाओं और सांस्कृतिक धरोहरों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण किया जाए। विद्यालयों, महाविद्यालयों, संग्रहालयों और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को जनजातीय नायकों के संघर्ष और उनकी गौरवशाली परंपराओं से परिचित कराया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने का ज्ञान आज के पर्यावरणीय संकट के दौर में भी बेहद प्रासंगिक है। जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के प्रति उनकी संवेदनशीलता तथा सामूहिक जीवन की भावना पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।
अंत में मंत्री राजेश अग्रवाल ने भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर सहित जनजातीय समाज के सभी ज्ञात-अज्ञात महानायकों को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के सम्मान, सांस्कृतिक पहचान और सक्रिय सहभागिता के बिना समावेशी विकास की कल्पना अधूरी है। सभी को मिलकर छत्तीसगढ़ की गौरवशाली जनजातीय विरासत को सहेजने और जनजातीय समाज की समृद्धि, सम्मान एवं स्वाभिमान के लिए कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए।
