Matka King : मुंबई। अभिनेता विजय वर्मा की बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज ‘मटका किंग’ का ट्रेलर रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। करीब 2 मिनट 25 सेकेंड के इस ट्रेलर में 1960 के बॉम्बे का तेजी से बदलता माहौल और सट्टे की दुनिया के संघर्ष को प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया है। शुरुआती ही कुछ सेकेंड में ऐसे दमदार डायलॉग सुनने को मिलते हैं, जो दर्शकों को उम्मीद, संघर्ष और बड़े सपनों की कहानी से रूबरू कराते हैं।
सिर्फ सट्टेबाजी नहीं, एक इंसान की यात्रा
ट्रेलर से साफ झलकता है कि यह सीरीज केवल सट्टेबाजी की कहानी नहीं है। यह उस व्यक्ति की यात्रा है, जो कठिन परिस्थितियों से जूझते हुए अपनी किस्मत बदलने का प्रयास करता है। 17 अप्रैल 2026 को Amazon Prime Video पर इसका प्रीमियर होगा, और इसे भारत समेत दुनियाभर के 240 से अधिक देशों में एक साथ स्ट्रीम किया जाएगा।
1960 के बॉम्बे में बृज भट्टी का सट्टा साम्राज्य
सीरीज की कहानी 1960 के दशक के बॉम्बे में बृज भट्टी नाम के महत्वाकांक्षी शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि कैसे बृज, एक कपास व्यापारी से शुरू होकर सट्टे की दुनिया का बड़ा कारोबारी बनता है। वह ‘मटका’ नाम के जुए को एक व्यवस्थित व्यवसाय में बदलता है और इसे आम जनता तक पहुंचाता है। धीरे-धीरे यह कारोबार इतना लोकप्रिय हो जाता है कि लोग उस पर बैंक से भी ज्यादा भरोसा करने लगते हैं।
हालांकि इस सफलता के साथ ही खतरे भी बढ़ते हैं। पुलिस और अन्य ताकतवर लोग इस कारोबार पर नजर रखते हैं, जिससे कहानी में लगातार रोमांच और तनाव बना रहता है।
स्टारकास्ट और निर्माता टीम
इस सीरीज को नागराज पोपटराव मंजुले और अभय कोरान्ने ने मिलकर बनाया है। निर्माताओं का कहना है कि यह सिर्फ पीरियड ड्रामा नहीं है, बल्कि एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है, जो अपने सम्मान और सपनों के लिए पूरी व्यवस्था को चुनौती देता है।
सीरीज में विजय वर्मा के अलावा कृतिका कामरा, सई ताम्हणकर, गुलशन ग्रोवर और कई अन्य कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
किरदार निभाने का अनुभव
बृज भट्टी का किरदार निभा रहे विजय वर्मा ने बताया कि यह प्रोजेक्ट उनके करियर का खास अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि इस किरदार को निभाना चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ बेहद संतोषजनक भी था। अभिनेत्री कृतिका कामरा ने कहा कि उनका किरदार उनके अब तक निभाए गए रोल्स से बिल्कुल अलग है और यह कहानी बड़े फैसलों, सपनों और संघर्षों से भरी है, जो दर्शकों को एक नया अनुभव देगी।
