Mouni Roy और उनके पति Suraj Nambiar के अलग होने की खबरों के बीच अब सूरज नांबियार ने सामने आकर तमाम अफवाहों को खारिज कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी बयान में साफ कहा कि उनके रिश्ते में “कोई तीसरा व्यक्ति शामिल नहीं” है और न ही किसी तरह का विवाद या गुज़ारा भत्ता का मामला है।
‘सारी रिपोर्टें बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण’
सूरज नांबियार ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर मौनी रॉय को टैग करते हुए लिखा कि उनके अलगाव को लेकर जो रिपोर्टें सामने आई हैं, वे पूरी तरह मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण हैं।
उन्होंने कहा:
“कोई गुज़ारा भत्ता नहीं है। कोई विवाद नहीं है। इसमें कोई तीसरा व्यक्ति शामिल नहीं है। मौनी और मैंने आपसी सम्मान और एक-दूसरे की भलाई को ध्यान में रखते हुए अलग होने का फैसला किया है।”
सूरज ने यह भी कहा कि मीडिया के कुछ हिस्सों ने बिना पुष्टि के कहानियां गढ़ीं और बेवजह अन्य लोगों को भी इस मामले में घसीटा गया।
‘गलत जानकारी के सामने चुप नहीं रह सकता’
सूरज नांबियार ने कहा कि वह जानबूझकर फैलाई जा रही गलत जानकारी के सामने चुप नहीं रह सकते। उन्होंने अपील की कि उनकी निजी जिंदगी का सम्मान किया जाए और उन्हें शांति से आगे बढ़ने का मौका दिया जाए।
उन्होंने कहा कि दोनों ने इस कठिन दौर को गरिमा और सम्मान के साथ संभालने की कोशिश की है और उम्मीद है कि मीडिया भी वही संवेदनशीलता दिखाएगा।
संयुक्त बयान में किया था अलग होने का ऐलान
इससे पहले गुरुवार शाम मौनी रॉय और सूरज नांबियार ने संयुक्त बयान जारी कर अपने अलग होने की पुष्टि की थी। दोनों ने कहा था कि बदलती निजी प्राथमिकताओं पर विचार करने के बाद उन्होंने आपसी सहमति से अलग रास्तों पर आगे बढ़ने का फैसला किया है।
बयान में यह भी कहा गया था कि वे आने वाले समय में अपनी दोस्ती बनाए रखने की कोशिश करेंगे और इस निजी दौर में गोपनीयता बनाए रखने की अपील की थी।
2022 में हुई थी शादी
मौनी रॉय और सूरज नांबियार की मुलाकात एक क्लब में हुई थी। दोनों ने 27 जनवरी 2022 को शादी की थी। शादी के करीब चार साल बाद अब दोनों ने अलग होने का फैसला लिया है।
