रायपुर। जशपुर जिले में सड़कों और भवनों के निर्माण कार्यों की धीमी गति तथा गुणवत्ता में लापरवाही को लेकर लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने जशपुर और पत्थलगांव संभाग में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और सभी निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बगीचा में निर्माणाधीन पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन का कार्य अमानक स्तर का पाए जाने पर सचिव ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए उप अभियंता रमेश प्रसाद सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर प्रमुख अभियंता कार्यालय ने तत्काल निलंबन आदेश जारी कर दिया है। निलंबन अवधि में उप अभियंता का मुख्यालय नवा रायपुर स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय निर्धारित किया गया है।
41 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) के अंतर्गत लुडेग-तपकरा-लवाकेरा मार्ग के 41 किलोमीटर लंबे हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का निरीक्षण किया। यह मार्ग राज्य राजमार्ग-4 (एसएच-4) का हिस्सा है। उन्होंने निर्माण एजेंसी द्वारा स्थापित प्रयोगशाला और डामर प्लांट का भी जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों और ठेकेदार को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा सड़क निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
जशपुर-सन्ना मार्ग के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
जशपुर प्रवास के दौरान सचिव ने जशपुर-सन्ना मार्ग के 17.60 किलोमीटर हिस्से के सुदृढ़ीकरण कार्य की समीक्षा की। इस परियोजना के लिए लोक निर्माण विभाग ने 13 करोड़ 56 लाख 88 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
आस्ता-कुसमी मार्ग के उन्नयन कार्य की भी समीक्षा
सचिव मुकेश कुमार बंसल ने जशपुर के आस्ता-कुसमी मार्ग के 28 किलोमीटर हिस्से के उन्नयन एवं मजबूतीकरण कार्य की भी समीक्षा की। इस परियोजना के लिए 35 करोड़ 86 लाख 99 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने और सड़क को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने जशपुर और पत्थलगांव संभाग के अधिकारियों से क्षेत्र में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण और सतत पर्यवेक्षण किया जाए, ताकि निर्माण की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न रहे और परियोजनाएं तय समय-सीमा में पूरी हों।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, सरगुजा परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता के.पी. संत, अंबिकापुर मंडल के अधीक्षण अभियंता आर.एस. तोमर, पत्थलगांव संभाग के कार्यपालन अभियंता ए.डी. बंजारा तथा जशपुर संभाग के कार्यपालन अभियंता क्षीरसागर सेठ सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
