नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए टूर्नामेंट का आधिकारिक लोगो, नया प्रतियोगिता प्रारूप और सभी मेजबान स्टेडियमों की जानकारी साझा कर दी है। 50 ओवर का यह प्रतिष्ठित विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। खास बात यह है कि वनडे विश्व कप 24 वर्षों बाद एक बार फिर अफ्रीकी महाद्वीप में लौट रहा है। इससे पहले वर्ष 2003 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या ने इस टूर्नामेंट की मेजबानी की थी।
नए फॉर्मेट में खेली जाएंगी 57 भिड़ंत
विश्व कप 2027 में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी और पूरे टूर्नामेंट में 57 मुकाबले खेले जाएंगे। इस बार ICC ने तीन-स्तरीय प्रतियोगिता प्रारूप अपनाया है। शुरुआती चरण में निचली रैंकिंग वाली तीन टीमें सुपर सीरीज में आमने-सामने होंगी, जहां विजेता टीम मुख्य प्रतियोगिता में जगह बनाएगी। इसके बाद सुपर-12 चरण में टीमों को दो समूहों में बांटा जाएगा, जहां से बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमें अगले दौर में प्रवेश करेंगी। अंत में शीर्ष चार टीमों के बीच सेमीफाइनल और फिर फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
12 स्टेडियमों में गूंजेगा विश्व कप का रोमांच
टूर्नामेंट के मुकाबले तीन देशों के कुल 12 अंतरराष्ट्रीय स्टेडियमों में आयोजित किए जाएंगे। दक्षिण अफ्रीका के प्रतिष्ठित वांडरर्स, न्यूलैंड्स, सुपरस्पोर्ट पार्क और किंग्समीड सहित कई प्रमुख मैदान मेजबानी करेंगे। वहीं जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब, क्वींस स्पोर्ट्स क्लब और विक्टोरिया फॉल्स स्थित फाले मोसी-ओआ-टुन्या स्टेडियम भी विश्व कप मुकाबलों की मेजबानी करेंगे। नामीबिया की राजधानी विंडहोक स्थित नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड को भी आयोजन स्थल के रूप में शामिल किया गया है।
‘Three Nations, One Heartbeat’ होगी टूर्नामेंट की थीम
आईसीसी ने टूर्नामेंट का आधिकारिक लोगो भी लॉन्च किया और इस बार की ब्रांड थीम “Three Nations, One Heartbeat” रखी है। यह थीम तीन मेजबान देशों की साझेदारी और क्रिकेट के प्रति उनके साझा जुनून को दर्शाती है।
जय शाह ने जताया सफल आयोजन का भरोसा
आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा कि अफ्रीका में विश्व कप की वापसी वैश्विक क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर खिलाड़ियों और प्रशंसकों के लिए यादगार अनुभव तैयार करेंगे। उनके अनुसार, यह टूर्नामेंट न केवल रोमांचक क्रिकेट का मंच बनेगा, बल्कि अफ्रीकी देशों में क्रिकेट के विकास को भी नई गति देगा।
