जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के जुरुडांड में गणेश विसर्जन की झांकी के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। इस घटना में तीन लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा – “इस हृदयविदारक घटना से मैं व्यथित हूं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।” उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और आश्वासन दिया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार और अन्य आवश्यक मदद में कोई कमी न रहे। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को तुरंत और उचित चिकित्सा उपलब्ध कराई जाए।
राज्य सरकार ने हादसे में दिवंगत तीनों व्यक्तियों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवारों से निरंतर संपर्क बनाए रखें और उन्हें हर संभव सहयोग उपलब्ध कराएं।
