रायपुर। राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित गैस एजेंसी के निलंबन के बाद उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है। गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज लोगों ने एजेंसी के बाहर हंगामा किया। एक महीने पहले बुकिंग कराने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिलने से लोगों का आक्रोश फूट पड़ा।
सोमवार सुबह बड़ी संख्या में उपभोक्ता एजेंसी पहुंचे, जहां पहले से ही स्टॉक खत्म होने का बोर्ड लगा हुआ था। इसके बावजूद लोग सुबह 6 बजे से लाइन में खड़े रहे। जब कर्मचारियों ने गैस उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी, तो गुस्साए लोगों ने कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि पुराने बुकिंग धारकों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि नए ग्राहकों से 500 से 600 रुपये अतिरिक्त लेकर सिलेंडर दिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, करीब 12 हजार उपभोक्ताओं में से 11 हजार को राजेंद्र एचपी और 1 हजार को शांति एचपी एजेंसी में स्थानांतरित किया गया है, लेकिन इसके बावजूद वितरण व्यवस्था सुचारू नहीं हो पाई है।
लोगों का कहना है कि उन्हें एजेंसी और गोदाम के बीच बार-बार चक्कर लगवाए जा रहे हैं। कहीं स्टॉक खत्म होने की बात कही जाती है तो कहीं वितरण में देरी का हवाला दिया जाता है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कई उपभोक्ताओं ने अपनी समस्या साझा करते हुए बताया कि बुकिंग के लंबे समय बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। एक उपभोक्ता ने बताया कि 14 मार्च को बुकिंग कराने के बावजूद अब तक गैस नहीं मिली। वहीं अन्य लोगों का कहना है कि ओटीपी आने के बाद भी उन्हें खाली हाथ लौटाया जा रहा है।
घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी निराशा हाथ लग रही है। कई उपभोक्ता लगातार कई दिनों से एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
इधर प्रशासन का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं को अन्य एजेंसियों में स्थानांतरित किया गया है, उनके लिए वैकल्पिक वितरण केंद्र शुरू कर दिए गए हैं। अधिकारियों का दावा है कि इन केंद्रों से गैस वितरण शुरू हो चुका है और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।
