छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर जारी है। सोमवार से नौतपा की शुरुआत हो गई है, जिसके साथ प्रदेश में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कई इलाकों में तेज गर्मी और लू का असर देखने को मिल सकता है।
आज से शुरू हुआ नौतपा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश में आज भी भीषण गर्मी और लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। खासकर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।
विभाग ने लोगों को अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म
राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
वहीं दुर्ग में तापमान 45 डिग्री और माना एयरपोर्ट में 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हीटवेव यानी ग्रीष्म लहर चलने की चेतावनी जारी की है।
पिछले 24 घंटे में मौसम रहा शुष्क
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।
रायपुर के लालपुर इलाके में अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि बिलासपुर में 44.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
इसके अलावा जगदलपुर में 43.1 डिग्री और अंबिकापुर में 41.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24 डिग्री सेल्सियस रहा।
अगले चार दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार 25 से 28 मई तक प्रदेश में गर्मी का असर बना रहेगा।
- 25 और 26 मई को मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हीटवेव चलने की संभावना है।
- 26 मई के बाद मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।
- प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
