रायपुर। छत्तीसगढ़ दौरे पर आए केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को जशपुर जिले की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए पारंपरिक और स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों की एक विशेष टोकरी भेंट की। इस टोकरी में ‘जशप्योर’ ब्रांड के तहत तैयार किए गए लघु वनोपज आधारित उत्पाद शामिल थे, जिन्हें देखकर केंद्रीय मंत्री ने न सिर्फ सराहना की, बल्कि आदिवासी समुदाय की महिलाओं के कौशल, मेहनत और समर्पण की भी तारीफ की।
मुख्यमंत्री साय ने छींद कांसा की बनी आकर्षक टोकरी में डेकी, कुटा, जवां फूल चावल, ग्रीन टी, टाऊ पास्ता, टाऊ महुआ कुकीज, महुआ गोंद लड्डू, रागी, मखाना लड्डू, महुआ से बना च्यवनप्राश, शीरप, शहद और चाय जैसे अनेक स्थानीय उत्पाद भेंट किए। सभी उत्पाद जशपुर की स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हैं, जो छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपरा के साथ-साथ स्थानीय संसाधनों के सशक्त उपयोग का प्रतीक हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा, “ये उत्पाद सिर्फ स्वादिष्ट नहीं, बल्कि हमारे आदिवासी समुदाय की बहनों के आत्मविश्वास और हुनर की पहचान हैं। राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए कटिबद्ध है।”
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इन प्रयासों की खुलकर प्रशंसा करते हुए कहा, “‘जशप्योर’ ब्रांड न केवल स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान दिला रहा है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रेरणादायक पहल है।” उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ की यह पहल देश के अन्य राज्यों के लिए अनुकरणीय उदाहरण बन सकती है।
