नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने IPL 2026 के दौरान एक नई रणनीति तैयार की है। बोर्ड दो अलग-अलग टी20 टीमों के लिए 30 से 35 खिलाड़ियों का मजबूत पूल बनाने जा रहा है, ताकि बढ़ते अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल और एक साथ होने वाले टूर्नामेंट्स को बेहतर तरीके से मैनेज किया जा सके।
श्रेयस अय्यर को मिल सकती है कप्तानी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस पूल की कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंपी जा सकती है। कई युवा खिलाड़ियों को भी इस पूल में शामिल किया जाएगा, जिन्हें डेब्यू का मौका मिलेगा। BCCI अब एक टीम पर निर्भर नहीं रहना चाहती, बल्कि एक समानांतर मजबूत बेंच स्ट्रेंथ तैयार कर रही है, जो किसी भी समय अंतरराष्ट्रीय मंच पर उतर सके।
आयरलैंड दौरा होगा टेस्टिंग ग्राउंड
यह प्लान साल के अंत में होने वाले एशियन गेम्स और वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज को ध्यान में रखकर बनाया गया है। आगामी आयरलैंड दौरा इस पूल का पहला टेस्टिंग ग्राउंड साबित होगा। परंपरागत रूप से इस दौरे पर युवा खिलाड़ियों को मौका मिलता है, लेकिन इस बार यह बड़े टैलेंट पूल को परखने का मंच बनेगा।
इन युवा खिलाड़ियों पर नजर
बल्लेबाजी में वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, प्रियांश आर्या और अंगकृष रघुवंशी जैसे युवा खिलाड़ी चयनकर्ताओं की नजर में हैं। रजत पाटीदार और आयुष बडोनी भी दावेदार हैं। ऑलराउंडर विभाग में शशांक सिंह और अनुकूल रॉय संतुलन दे सकते हैं। गेंदबाजी में रवि बिश्नोई, खलील अहमद, प्रसिद्ध कृष्णा और कार्तिक त्यागी जैसे विकल्प हैं। विकेटकीपिंग में ध्रुव जुरेल मजबूत दावेदार हैं।
BCCI का यह कदम बदलते क्रिकेट कैलेंडर को देखते हुए उठाया गया है। दो मजबूत टी20 टीमों का होना अब भारत की जरूरत बन चुका है और बोर्ड इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। IPL 2026 के दौरान इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
