मुख्यमंत्री ने ‘आदि वाणी’ गोंडी अनुवादक ऐप की सफलता पर दी बधाई
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय में ट्रिपल आई टी नया रायपुर के निदेशक प्रोफेसर ओमप्रकाश व्यास ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोंडी भाषा अनुवादक मोबाइल ऐप ‘आदि वाणी’ परियोजना की सफलता पर प्रो. व्यास और उनकी टीम को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। इस ऐप से गोंडी भाषी जनजातीय समाज की आवाज़ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचेगी। यह तकनीक शिक्षा, शासन और सामाजिक जीवन में उनकी भागीदारी को सुनिश्चित करने का सशक्त माध्यम बनेगी।
तकनीक से जुड़ेंगे जनजातीय समाज
प्रो. व्यास ने बताया कि ‘आदि वाणी’ परियोजना में गोंडी भाषा के लिए टेक्स्ट-टू-स्पीच और अनुवाद प्रणाली विकसित की गई है। इसके माध्यम से गोंडी से हिंदी और अंग्रेज़ी तथा इसके विपरीत अनुवाद संभव होगा। अब यह सुविधा मोबाइल ऐप पर उपलब्ध है, जिसे आम नागरिक आसानी से उपयोग कर सकेंगे।
उन्होंने अवगत कराया कि इस परियोजना में ट्रिपल आई टी नया रायपुर के साथ-साथ आईआईटी दिल्ली, आईआईटी हैदराबाद और बिट्स पिलानी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों का भी सहयोग रहा है। यह परियोजना भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा प्रायोजित है।
30 लाख गोंडी भाषियों को मिलेगा लाभ
प्रो. व्यास ने बताया कि इस उपलब्धि से बस्तर अंचल के 30 लाख से अधिक गोंडी भाषी समुदाय को अपनी भाषा और संस्कृति को सुरक्षित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, डिजिटल युग में अपनी आवाज़ बुलंद करने का भी सशक्त साधन प्राप्त होगा।
