रायपुर, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस चरण में प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय और सामाजिक-आर्थिक जानकारी एकत्र की जाएगी। जनसंख्या गणना का कार्य पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा मिलेगी, जबकि 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद 1 से 5 मार्च तक पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा।
जनगणना की तैयारियों को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों, संभागायुक्तों और जिला जनगणना अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में जनगणना का कार्य पूरा करने तथा मैदानी स्तर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्व-गणना करना अनिवार्य नहीं, नागरिक अपनी इच्छा से भर सकेंगे जानकारी
जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल ने बताया कि 10 से 24 जनवरी 2027 तक नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी डिजिटल माध्यम से दर्ज करने का विकल्प दिया जाएगा। स्व-गणना पूरी होने पर एक आईडी जनरेट होगी, जिसे बाद में घर पहुंचने वाले प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा। हालांकि स्व-गणना पूरी तरह ऐच्छिक है, इसे करना अनिवार्य नहीं है।
स्व-गणना नहीं करने वाले परिवारों की जानकारी 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 के बीच प्रगणक घर-घर जाकर एकत्र करेंगे। इसके बाद 1 से 5 मार्च तक आंकड़ों के पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा।
62 हजार से अधिक प्रगणक और 10 हजार से ज्यादा पर्यवेक्षक संभालेंगे जिम्मेदारी
प्रदेश के सभी 33 जिलों में जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके अंतर्गत 14 नगर निगमों, 19,978 गांवों और 195 नगरीय क्षेत्रों को शामिल किया गया है। जनगणना के लिए प्रशासनिक स्तर पर 47 प्रमुख जनगणना अधिकारियों और 472 चार्ज के माध्यम से व्यवस्था तैयार की गई है।
प्रदेश में अनुमानित 60,682 गणना ब्लॉक बनाए जाएंगे। इनके लिए 10 प्रतिशत आरक्षित कर्मचारियों सहित कुल 62,102 प्रगणकों और 10,667 पर्यवेक्षकों की आवश्यकता होगी। लगभग छह प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है। प्रत्येक गणना ब्लॉक में करीब 800 लोगों की आबादी शामिल होगी। अधिक जनसंख्या वाले क्षेत्रों को जरूरत के अनुसार छोटे गणना ब्लॉकों में विभाजित किया जाएगा।
नई बस्तियां और बहुमंजिला इमारतें भी होंगी शामिल
जनगणना के दौरान किसी भी बसाहट या परिवार को छूटने से बचाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। नए बसाहट क्षेत्रों, झुग्गी बस्तियों, बहुमंजिला इमारतों और आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों को भी गणना में शामिल किया जाएगा। मकान सूचीकरण ब्लॉकों की सीमाओं में विसंगतियों, क्षेत्रों के दोहराव और छूट गई बस्तियों का निराकरण 30 नवंबर 2026 तक करने के निर्देश दिए गए हैं।
पांच चरणों में होगा जनगणना कर्मियों का प्रशिक्षण
जनगणना कार्य को त्रुटिरहित बनाने के लिए पांच स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था तैयार की गई है। राष्ट्रीय प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स तथा जिला एवं चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। फील्ड ट्रेनर्स को 2 से 12 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों में तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को चार्ज स्तर पर प्रशिक्षित किया जाएगा।
16 भाषाओं में उपलब्ध होगा जनगणना मोबाइल एप
इस बार जनगणना में डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जाएगा। इसके लिए विशेष मोबाइल एप विकसित किया गया है, जो 16 भाषाओं में उपलब्ध होगा। इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने पर भी इस एप के माध्यम से ऑफलाइन जानकारी दर्ज की जा सकेगी।
इसके अलावा जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (CMMS) पोर्टल के माध्यम से गणना ब्लॉकों का गठन, कर्मचारियों को कार्य आवंटन, प्रशिक्षण और पूरे अभियान की निगरानी की जाएगी। नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने के लिए पासवर्ड, ओटीपी और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी सुरक्षा तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।
मुख्य सचिव ने अफवाहों से बचने और जागरूकता बढ़ाने के दिए निर्देश
मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और राज्यों की विकास योजनाओं तथा नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। इसलिए आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि प्रगणकों को नागरिकों और परिवारों से सहज संवाद स्थापित करने तथा सही जानकारी प्राप्त करने के लिए बेहतर प्रशिक्षण दिया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल आंकड़ों का संकलन है। इसका किसी प्रमाण पत्र या अन्य शासकीय पात्रता से कोई संबंध नहीं है। जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक संबंधी निर्देशों का भी पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
अपर मुख्य सचिव निहारिका बारिक ने ग्रामीण क्षेत्रों, स्थानीय स्तर और बस्तर के हाट-बाजारों में जागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया। वहीं डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल वृषाली वराडे ने सोशल मीडिया के माध्यम से सही जानकारी प्रसारित करने और जनगणना को लेकर फैलने वाली भ्रामक खबरों एवं अफवाहों का तत्काल खंडन करने की अपील की।
दिसंबर से फरवरी तक चलेगा जनजागरूकता अभियान
जनगणना के प्रति नागरिकों का विश्वास और सहभागिता बढ़ाने के लिए दिसंबर 2026 के मध्य से 28 फरवरी 2027 तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न विभागों के सहयोग से लोगों को जनगणना की प्रक्रिया, महत्वपूर्ण तारीखों और व्यक्तिगत जानकारी के उपयोग के बारे में बताया जाएगा।
कार्यशाला में जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल सहित प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर, संभागायुक्त और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
**जनगणना-2027 की महत्वपूर्ण तारीखें**
– 10 से 24 जनवरी 2027: स्व-गणना (ऐच्छिक)
– 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027: घर-घर जाकर जनसंख्या गणना
– 1 से 5 मार्च 2027: पुनरीक्षण कार्य
– 30 नवंबर 2026: गणना ब्लॉकों की सीमाओं की विसंगतियां दूर करने की समय-सीमा।
