रायपुर, 27 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने, निवेश को प्रोत्साहित करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राज्य सरकार ‘न्यूनतम सरकार, अधिकतम सुशासन’ के मूलमंत्र पर काम कर रही है। यह बात वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर तथा श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने रायपुर स्थित प्रधान महालेखाकार छत्तीसगढ़ कार्यालय में आयोजित ‘ईज ऑफ डुइंग बिजनेस’ कार्यशाला को संबोधित करते हुए कही।
भारतीय लेखा परीक्षा एवं लेखा विभाग के तत्वावधान में आयोजित लेखा परीक्षा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत इस कार्यशाला का आयोजन किया गया। मंत्री देवांगन ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक और खनिज संसाधनों से समृद्ध राज्य है। यहां उद्योगों की स्थापना और निवेश की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने 1 नवंबर 2024 से नई औद्योगिक नीति 2024-30 लागू की है। इसके माध्यम से प्रदेश में निवेश बढ़ाने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य, जिसने विधानसभा में पारित किया ईज ऑफ डुइंग बिजनेस अधिनियम
मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ देश का पहला ऐसा राज्य बना है, जिसने ईज ऑफ डुइंग बिजनेस से संबंधित अधिनियम विधानसभा में पारित किया है। इस कानून का उद्देश्य निवेशकों और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए शत-प्रतिशत ऑनलाइन व्यवस्था को बढ़ावा दे रही है। इससे सेवाओं में पारदर्शिता आएगी और लोगों को समय पर सुविधाएं मिल सकेंगी। विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए उद्योग जगत और विभिन्न विभागों से सुझाव लेकर पुराने नियमों में आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं। साथ ही जरूरत के अनुसार नए नियम भी बनाए जा रहे हैं।
मंत्री ने शासन की योजनाओं और कार्यों में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) विभाग की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
कार्यशाला में चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सलूजा ने औद्योगिक विकास, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को बढ़ावा देने और सिंगल विंडो डिजिटल कम्प्लायंस व्यवस्था की उपयोगिता पर अपने विचार रखे। वहीं सीए किशोर बरड़िया ने जीएसटी अनुपालन को अधिक सरल और पारदर्शी बनाने के साथ वास्तविक करदाताओं के हितों की सुरक्षा पर जोर दिया।
इस अवसर पर प्रधान महालेखाकार छत्तीसगढ़ यशवंत कुमार, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थौरानी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित महालेखाकार कार्यालय के अधिकारी, सीआईआरसी एवं चेम्बर के सदस्य तथा विश्वविद्यालय के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
